Breaking News

Saturday, 5 September 2026

बिजली विभाग पूर्वांचल मीटर रीडिंग विवाद में दूसरे रीडर से मारपीट का आरोप!

देवरिया के लार थाना क्षेत्र के पाण्डेयपुर गांव में बिजली मीटर की रीडिंग के दौरान बिल को लेकर ग्राहक और मीटर रीडर के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि ग्राहक ने हर महीने बिजली का बिल बनाए जाने पर आपत्ति जताई। पहले मीटर रीडर सत्यम पांडेय ने ग्राहक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान मारपीट नहीं हुई। विवाद की जानकारी मिलने पर दूसरे मीटर रीडर विनय कुमार विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और ग्राहक को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान ग्राहक उनसे भी उलझ गया और कहासुनी के बाद उनके साथ मारपीट कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के जेई अविनाश गौतम के साथ कई मीटर रीडर और बिजली कर्मचारी लार थाने पहुंचे। कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ित मीटर रीडर विनय कुमार विश्वकर्मा की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।