Breaking News

Friday, 2 October 2026

October 02, 2026

अंबेडकरनगर विभाग की लगातार मेहनत के बाद 25 गांव की बिजली बहाल 15 गांव में कार्य जारी

अंबेडकरनगर। बीते दिनों बारिश और आंधी से ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था में सुधार शुरू हो गया है। महरूआ, सेनपुर, भीटी और मकोईया क्षेत्रों के 25 गांवों की बाधित बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार को बहाल कर दी गई। हालांकि बसखारी, जहांगीरगंज और आलापुर क्षेत्र के करीब 15 गांवों में तार और खंभे टूटने से अभी आपूर्ति प्रभावित है। बिजलीकर्मी फॉल्ट ठीक करने में जुटे हैं। देर शाम तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई गई। खंभों की कमी दूर करने के लिए बिजली विभाग के स्टोर में एक ट्रक से बड़ी संख्या में खंभे पहुंचाए गए हैं। बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने आलापुर, जहांगीरगंज और जलालपुर क्षेत्रों का दौरा कर बिजली सुधार कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कहीं तार या खंभे टूटे हों तो तत्काल ठीक कराकर आपूर्ति सुचारु कराई जाए। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बसखारी के बसईया गांव निवासी राजेश कुमार वर्मा, राजेश कुमार श्रवण और चंद्रभूषण ने अकबरपुर बिजलीघर पहुंचकर फाल्ट ठीक कराने की मांग की। अधीक्षण अभियंता ने संबंधित जेई को फाल्ट दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जेई और एसडीओ को जरूरत के अनुसार खंभे मंगाने तथा बिजली बकाया की वसूली कराने के भी निर्देश दिए।

Thursday, 1 October 2026

October 01, 2026

हरदोई संडीला बारिश के कारण अधिशासी अभियंता का दफ्तर डूब गया दस्तावेजों को सुरक्षित ठिकानों पर ले जाने के लिए मजबूर हुए अधिकारी

हरदोई संडीला इलाके में लगातार बारिश से जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। पानी निकासी की खराब व्यवस्था के कारण शहर, गांव और सरकारी दफ्तरों में पानी भर गया है। इसका सीधा असर सरकारी कामकाज पर भी दिख रहा है।जरूरी काम से विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। दफ्तरों तक पहुंचना मुश्किल होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बिजली विभाग का दफ्तर भी जलभराव की चपेट में है। परिसर में पानी भरने से कर्मचारियों को काम करने में दिक्कत आ रही है। सरकारी दफ्तरों में पानी भरने से जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। शहर से लेकर सरकारी दफ्तरों में पानी भरने से लोगों को रोजमर्रा के कामों में दिक्कत हो रही है। लोग अब इंतजार कर रहे हैं कि जिम्मेदार विभाग जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने और स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।

October 01, 2026

अजय राय बोले- मऊ में हादसा नहीं तीन लोगों की हत्या हुई, बिजली विभाग पर मुकदमा और 50-50 लाख रुपये मुआवजे की मांग

मऊ नगर पालिका परिषद मऊ के दोमानपुरा-इस्लामाबाद मोहल्ले में 28 सितंबर को शादी समारोह के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की अजय राय ने घटना को लेकर बिजली विभाग और प्रदेश सरकार पर गंभीर सवाल उठाए. मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद परिवारों के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.यह एक्सीडेंटल मौत नहीं, हत्या है :अजय राय ने कहा,यह महज दुर्घटना नहीं है, बल्कि जानबूझकर की गई हत्या है. उनका कहना था कि घर के ऊपर से हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा था और वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए. यदि खुले तार आबादी वाले घरों के ऊपर से गुजर रहे हैं और उनकी सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए. बिजली विभाग के अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा हो :कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि मामले में बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए. उन्होंने कहा कि तीन परिवारों ने अपने लोगों को खोया है और इस मामले में जिम्मेदारी तय किए बिना पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा. 50-50 लाख रुपये और सरकारी नौकरी मिले :अजय राय ने मृतकों के आश्रित परिवारों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के सदस्यों को सरकारी नौकरी देने की मांग की. उन्होंने कहा कि सरकार को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होकर तत्काल राहत उपलब्ध करानी चाहिए.खुले तारों को तत्काल केबल में बदला जाए :अजय राय ने मांग की कि आबादी वाले क्षेत्रों में खुले बिजली तारों को तत्काल केबल से बदला जाए. उन्होंने बिजली के खंभों और तारों की ऊंचाई बढ़ाने तथा जहां जरूरत हो वहां नई सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग भी रखी.

October 01, 2026

आजमगढ़ बुजुर्ग की मौत के बाद बिजली विभाग ने पोल हटाया करंट लगने से हुई थी बुजुर्ग की मौत अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों को लगाई फटकार

आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकमाली गांव में बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से 72 वर्षीय सुरेंद्र प्रताप सिंह की मौत के बाद बिजली विभाग हरकत में आया। गुरुवार देर रात विभाग के कर्मचारी खंभा हटाने पहुंचे। खास बात यह रही कि घटना के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लाइनमैन और संविदा कर्मचारियों के भरोसे ही खंभे को घर से बाहर शिफ्ट करने का काम किया गया।
परिजनों का आरोप है कि खंभा घर के पास होने और उसमें करंट उतरने की शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार की गई थी। शिकायती पत्र देकर खंभा हटाने की मांग भी की गई थी। इसके बावजूद विभाग ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। चकमाली गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह मंगलवार को घर के पास कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान वह बिजली के खंभे की चपेट में आ गए। खंभे में करंट उतरने से उन्हें तेज झटका लगा और वह मौके पर गिर गए।
परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजन बोले- शिकायत पर कार्रवाई होती तो नहीं जाती जान
परिजनों का कहना है कि बिजली के खंभे को हटाने के लिए विभाग को कई बार शिकायत दी गई थी। अगर शिकायतों का समय रहते संज्ञान लिया जाता तो सुरेंद्र प्रताप सिंह की जान बच सकती थी। अब परिजन बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
October 01, 2026

उतरौला ग्रामीण के कई गांवों में एक हफ्ते से बिजली बारिश से लाइनें खराब और खंभे टूटे विभाग मरम्मत में जुटा

उतरौला ग्रामीण फीडर के कई गांवों में करीब एक हफ्ते से बिजली सप्लाई बंद है। लगातार बारिश के कारण बिजली की लाइनें खराब हो गई थीं और कई जगहों पर पेड़ गिर गए थे।बारिश के दौरान कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली के खंभे और तार टूट गए। इसके चलते प्रभावित इलाकों में बिजली ठप है। बिजली विभाग के कर्मचारी कई दिनों से तेजी से मरम्मत का काम कर रहे हैं। वे खराब खंभे हटाकर नए लगा रहे हैं और लाइनों को ठीक कर रहे हैं। रास्ते में गिरे पेड़ों को भी काटकर बिजली लाइन का रास्ता साफ किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि खराब हुए बिजली सिस्टम को जल्द ठीक कर सप्लाई शुरू करने की कोशिश की जा रही है। देवीपाटन मंडल के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने कहा कि कई जगहों पर आंधी बारिश की वजह से बिजली प्रभावित हुई है। विभाग की टीम लगातार 24 घंटे कार्य कर रही है। कई गांव की सप्लाई बहाल कर ली गई है। अन्य गांव जो सप्लाई नहीं आ रही है उसे भी बहाल करने की कोशिश की जा रही है।आंधी की वजह से खंभे टूट कर गिर गए हैं, उन्हें भी विभाग द्वारा लगाया जा रहा है। जिन स्थानों पर सप्लाई नहीं है, विभाग की टीम उन स्थानों पर सप्लाई रिकवर करने का प्रयास कर रही है। कई जगहों पर सप्लाई रिकवर कर लिया गया है। अन्य जगहों पर भी सप्लाई बहुत जल्द रिकवर कर ली जाएगी।

Wednesday, 30 September 2026

September 30, 2026

आजमगढ़ में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के धरने का दिखा असर बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी का हुआ ट्रांसफर

आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में 30 सितंबर को प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर धरना दिए जाने का ऐलान किया था। सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर को लगातार बिजली विभाग के एसडीओ प्रवीण कुमार वर्मा के खिलाफ शिकायत मिल रही थी। इसी को लेकर धरना प्रस्तावित था। बिजली विभाग ने मंत्री के धरने की जानकारी मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से बिजली विभाग के एसडीओ प्रवीण कुमार वर्मा का ट्रांसफर कर दिया। ऐसे में इस धरने को भी स्थगित कर दिया गया है। बड़ी संख्या में पदाधिकारी ने की थी तैयारी इस बारे में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव ने बताया कि लगातार बिजली विभाग की मिल रही शिकायतों के आधार पर धरने का ऐलान किया गया था। पर जिस तरह से बिजली विभाग के अधिकारियों ने एसडीओ का ट्रांसफर कर दिया। निश्चित रूप से ऐसे में धरने को स्थगित कर दिया गया है। बताते चले कि प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर लगातार अतरौलिया विधानसभा में सक्रिय है और जनता की समस्याओं के लिए जनसुनवाई का आयोजन करते हैं। इसी क्रम में लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों की शिकायतें मिल रही थी। जिसके बाद उन्होंने धरने का ऐलान किया था।

September 30, 2026

अमेठी जिलाधिकारी के निर्देश पर बदला ट्रांसफार्मर 8 दिन से ठप थी बिजली सप्लाई जनसुनवाई में हुआ समस्या का समाधान

अमेठी जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने जनसुनवाई में मिली बिजली की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की। उनके निर्देश पर पश्चिम दुआरा गांव में खराब ट्रांसफार्मर बदल दिया गया, जिससे बिजली सप्लाई फिर से चालू हो गई। विकासखंड अमेठी के पश्चिम दुआरा गांव के विवेक ने शिकायत की थी कि उनके गांव में करीब 8 दिन से बिजली नहीं आ रही है। ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही थी, खासकर बच्चों और छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा था। विभाग ने खराब ट्रांसफार्मर बदल दिया जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग ने खराब ट्रांसफार्मर बदल दिया और बिजली सप्लाई बहाल कर दी। इससे ग्रामीणों को राहत मिली। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई सरकार की प्राथमिकता है, जिससे समस्याओं का समय पर समाधान होता है। विवेक ने त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी और बिजली विभाग का आभार जताया।