आगरा के बाह के अभयपुरा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता राजकुमार और लाइनमैन आनंद मिश्रा को बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन की टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। उन्होंने ग्रामीण के घर पर चेकिंग की थी। बिजली चोरी का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराने का डर दिखाया। कार्रवाई से बचाने के लिए रिश्वत मांगी। संदीप ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत की जांच के बाद टीम ने आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आगरा के सतर्कता पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आगरा की टीम ने बिजली विभाग के जेई और लाइनमैन को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।पीड़ित ने 1 सितंबर को एंटी करप्शन में शिकायत की। इस पर टीम ने जाल बिछाया। संदीप को विद्युत उपकेंद्र में बुलाया गया था। इस दाैरान टीम भी पहुंच गई। जेई और लाइनमैन बगल में बैठे हुए थे। जेई ने खुद रकम नहीं ली बल्कि लाइनमैन को दिला दिया। रकम हाथ में पकड़ते ही आरोपियों को पकड़ लिया। उनके बमराैली कटारा थाने ले आए। मामले में संजय कुमार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कराई। कार्रवाई से बिजली कर्मचारियों में चर्चाओं का दाैर शुरू हो गया है।
