Breaking News

Thursday, 3 September 2026

गजब फर्जीवाड़ा 3 साल से सऊदी में रह रहा बिजली विभाग में तैनात लाइनमैन उसकी जगह भाई कर रहा ड्यूटी

आजमगढ़। विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर तैनात कर्मचारी तीन साल से सऊदी में रहकर कामकाज कर रहा है और यहां पर उसके स्थान पर उसका भाई काम कर रहा है।ऐसे में संबंधित कर्मचारी के सरकारी सेवा में बने रहने और वेतन भुगतान को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े गए हैं। मामला प्रकाश में आने के बाद विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल

मामला उपखंड मार्टीनगंज अंतर्गत सब स्टेशन पुष्पनगर से जुड़ा है। सुधारपुर निवासी रामअधार समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाते हुए बताया कि सदरुद्दीनपुर गांव निवासी गयास अहमद की वर्ष 2023 में सब स्टेशन पुष्पनगर में लाइन मैन के पद पर तैनाती हुई थी, लेकिन ड्यूटी करने के कुछ ही दिन बाद वह सऊदी चला गया।

अब उसकी जगह ड्यूटी उसका भाई एजाज अहमद करता है, जबकि विभागीय अभिलेखों में अब भी गयास अहमद ही सेवा में है। इतना ही नहीं लाइनमैन का भाई उच्चाधिकारियों की सह पर क्षेत्र के लोगों से वसूली भी करता है।

इस मामले की जानकारी नही है, अगर ऐसा है तो यह गलत है। पूरे प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

आरके पांडेय, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड, फूलपुर