Breaking News

Saturday, 26 September 2026

इटावा बिजली विभाग घोटाला कोर्ट के आदेश पर अधिशासी अभियंता लेखाधिकारी और ठेकेदार पर FIR दर्ज विभाग में मचा हड़कंप।

इटावा में विद्युत विभाग से जुड़ी बड़ी वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है. कोर्ट के सख्त आदेश के बाद विद्युत वितरण खंड प्रथम के पदेन अधिशासी अभियंता, लेखाधिकारी और एक ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 468 के तहत एफआईआर दर्ज करके मामले की तफ़्तीश शुरू कर दी है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद बिजली विभाग के महकमे में हड़कंप मच गया है.

कागजों पर पूरा दिखाया काम, आरटीआई से खुली घोटाले की पोल:शिकायतकर्ता एडवोकेट अजय द्विवेदी का आरोप है कि विभाग में साल 2016 से लगातार सरकारी धन का दुरुपयोग और फर्जी भुगतान किया जा रहा था. शिकायत के अनुसार कई ऐसे प्रोजेक्ट्स का बजट मंजूर किया गया, जिनका ज़मीन पर कोई काम हुआ ही नहीं था. लेकिन अधिकारियों और ठेकेदार ने कागजों में काम पूरा दिखाकर पूरा भुगतान हड़प लिया. एडवोकेट अजय द्विवेदी ने आरटीआई के ज़रिए दस्तावेज़ जुटाकर इस पूरे खेल का खुलासा किया है.

करोड़ों रुपये की हेराफेरी की आशंका, जांच के दायरे में कई अधिकारी:शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि फर्जी रजिस्ट्रेशन और कागजी हेरफेर के ज़रिए लाखों रुपये का घोटाला किया गया, जो जांच आगे बढ़ने पर करोड़ों तक पहुंच सकता है. पुलिस अब यह खंगाल रही है कि 2016 से लेकर अब तक कौन-कौन से अधिकारी और कर्मचारी इस पद पर तैनात रहे हैं. इसके साथ ही किन-किन कामों के नाम पर बजट जारी हुआ और किनकी संलिप्तता थी, इसकी भी जांच हो रही है.

अधीक्षण अभियंता बोले- जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई:इटावा के अधीक्षण अभियंता ऋषभ देव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और पुलिस जांच जारी है. उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर नियमानुसार और कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे. अब हर किसी की नज़र पुलिस की जांच पर टिकी है कि इस हेराफेरी में और कितने बड़े चेहरे बेनकाब होते हैं.

(रिपोर्ट अमन हसन)