झटपट पोर्टल सहित सभी माध्यमों पर नये विद्युत कनेक्शनों की पेंडेंसी तत्काल समाप्त करने के निर्देश
लखनऊ उपभोक्ताओं को सही रीडिंग के आधार पर गुणवत्तापरक विद्युत बिल समय से उपलब्ध कराना कारपोरेशन की शीर्ष प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा एवं उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने आज शक्ति भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
अध्यक्ष ने वितरण के विभिन्न कार्यों में लगी एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक उपभोक्ता को सही रीडिंग के बिल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के सही मोबाइल नम्बर दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए अभियान चलाकर मोबाइल नम्बर अपडेट किए जाएं, जिससे उपभोक्ताओं को बिलिंग एवं विद्युत सेवाओं से संबंधित सूचनाएं समय से प्राप्त हो सकें।
उन्होंने कहा कि जब उपभोक्ता को सही रीडिंग का बिल समय से प्राप्त होगा, तभी उसे समय पर बिल जमा करने में सुविधा होगी। इसलिए शत-प्रतिशत उपभोक्ताओं को समय से सही बिल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।समीक्षा में अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य न करने वाली एजेंसियों एवं संबंधित कार्मिकों की जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शक्ति भवन में आयोजित बैठक में अध्यक्ष ने नये विद्युत कनेक्शनों की स्वीकृति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि झटपट पोर्टल सहित अन्य माध्यमों पर नये कनेक्शनों की कोई अनावश्यक पेंडेंसी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर तत्काल समाप्त किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बिना विलम्ब विद्युत कनेक्शन प्राप्त हो सके।अध्यक्ष ने सोलर कनेक्शनों की बिलिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सोलर कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को सही एवं नियमानुसार बिल प्राप्त हो। इसके लिए पूरे प्रदेश में सोलर कनेक्शनों से संबंधित बिलों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में जी.एम.आर., जीनस, इंटेली स्मार्ट तथा पोलरिश आदि बिलिंग एजेंसियों/कम्पनियों के प्रतिनिधियों के साथ वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी डिस्कॉम के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।बैठक में प्रबन्ध निदेशक नितीश कुमार सहित कारपोरेशन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
